छत्तीसगढ़

ई-रिक्शा सहायता योजना: संतोषी साहू को मिला आय का जरिया

मुंगेली, 17 फरवरी 2026/sns/- शासन द्वारा ई-रिक्शा सहायता योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसी कड़ी में ग्राम धपई निवासी संतोषी साहू ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार किया है। उन्हें अब आय का जरिया मिल गया है, जिससे वे आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं। संतोषी साहू ने बताया कि आवेदन करने पर विभाग द्वारा उन्हें 01 लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत हुई। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने ई-रिक्शा खरीदा। शुरुआत में समाज की पारंपरिक सोच और स्वयं के मन में झिझक जैसी चुनौतियाँ सामने आईं, परंतु उन्होंने हिम्मत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का निर्णय लिया।
परिवार के सहयोग और अपने दृढ़ निश्चय के बल पर उन्होंने ई-रिक्शा संचालन प्रारंभ किया। धीरे-धीरे उनकी मेहनत रंग लाने लगी। गाँव और आसपास के क्षेत्रों में वे एक जिम्मेदार और परिश्रमी महिला चालक के रूप में पहचानी जाने लगीं। आज वे प्रतिदिन नियमित रूप से ई-रिक्शा चलाकर स्थिर आय अर्जित कर रही हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। बच्चों की पढ़ाई अब बिना बाधा जारी है, घर की आवश्यकताओं की पूर्ति समय पर हो पा रही है, और परिवार पहले से अधिक सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर महसूस कर रहा है। उन्होंने बताया कि पहले सीमित आय और बढ़ती जिम्मेदारियों के बीच परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए हमेशा एक चुनौती रहा। उनके पति श्री आजुराम साहू मजदूरी करते थे, जिससे आय अनिश्चित और अपर्याप्त रहती थी। घर का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना कठिन होता जा रहा था। परिवार के पास आय का कोई स्थायी साधन नहीं था, जिससे भविष्य को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब ई-रिक्शा से उन्हें स्वरोजगार मिल गया है। उन्होंने इस योजना के लिए शासन-प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *