छत्तीसगढ़

कलेक्टर के निर्देश पर मिला मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल

मुंगेली, 13 फरवरी 2026/sns/- विकासखण्ड लोरमी के ग्राम नवागॉव के श्री नरेश कुमार यादव बचपन से ही शारीरिक दिव्यांगता से जूझ रहे थे। सीमित संसाधनों और चलने-फिरने में कठिनाई के कारण उन्हें दैनिक जीवन के कार्यों, सामाजिक गतिविधियों तथा रोजगार के अवसरों में अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। घर से बाहर निकलना भी उनके लिए एक बड़ी समस्या थी, जिससे आत्मविश्वास में कमी और दूसरों पर निर्भरता बढ़ती जा रही थी। अपनी स्थिति को बदलने के संकल्प के साथ उन्होंने जनदर्शन कार्यक्रम में आवेदन प्रस्तुत किया।
उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री नदीम काजी को त्वरित कार्यवाही कर नरेश यादव को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान करने के निर्देश दिए। निर्देश के परिपालन में विभाग द्वारा निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान किया गया। इससे नरेश के चेहरे में खुशी की लहर दिखाई दी। इस सहायक उपकरण ने उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला दिया। अब वे अपनी दैनिक दिनचर्या के साथ ही स्वतंत्र रूप से आवागमन कर पा रहे हैं। श्री नरेश कुमार यादव ने कहा कि यह सहयोग उनके लिए केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का साधन है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *