छत्तीसगढ़

बस्तर के अंतिम छोर तक पहुंचेगी बस सेवा कलेक्टर आकाश छिकारा की पहल पर नए ग्रामीण रूटों का खाका होगा तैयार

जगदलपुर, 12 फरवरी 2026/sns/-  बस्तर जिले के दूरस्थ और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों को सार्वजनिक परिवहन की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने एक बड़ी पहल की है। जिले के अंतिम छोर पर बसे ग्रामीणों को सुगम और सस्ती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की अपनी प्राथमिकता को दोहराते हुए कलेक्टर ने मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना के विस्तार के निर्देश दिए हैं। उनकी इस मंशा के अनुरूप अब परिवहन विभाग उन अंदरूनी इलाकों में बसों के परिचालन की तैयारी कर रहा है, जहाँ नई सड़कें तो बन चुकी हैं, लेकिन अब तक यात्री बसों की कमी के कारण ग्रामीणों को मीलों पैदल चलना पड़ता है या निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
कलेक्टर श्री छिकारा ने इस विषय को समय-सीमा की बैठक में शामिल करते हुए इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा है। उनके विजन के तहत प्रशासन का लक्ष्य केवल सड़क बनाना नहीं, बल्कि उन सड़कों पर सुव्यवस्थित बस सेवा संचालित कर ग्रामीणों के लिए बाजार, अस्पताल और शिक्षण संस्थानों तक पहुँच को आसान बनाना है। इसी कड़ी में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों और जनपद सीईओ को अवगत कराया गया है कि वे अपने क्षेत्रों के उन नए मार्गों का चयन करें जहाँ यात्री वाहनों की तत्काल आवश्यकता है। अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर नए मार्गों का चयन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है ताकि जल्द से जल्द राज्य शासन को प्रस्ताव भेजकर बस संचालन शुरू कराया जा सके। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के इस संवेदनशील दृष्टिकोण से न केवल बस्तर के ग्रामीण परिवहन की सूरत बदलेगी, बल्कि इससे अंदरूनी क्षेत्रों के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी एक नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *