बीजापुर, 20 जनवरी 2026/sns/-जिले में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 26 जनवरी को गणतंत्रत दिवस समारोह गरिमामय ढंग से मनाया जायेगा। जिले में मुख्य समारोह मिनी स्टेडियम बीजापुर के मैदान में आयोजित किया जायेगा। गणतंत्रत दिवस समारोह आयोजन की तैयारी हेतु समीक्षा बैठक कलेक्टर श्री संबित मिश्रा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर कैम्प, ऑफिस, कलेक्टर निवास में प्रात 7ः15 बजे कलेक्टर बीजापुर द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा। इसके पश्चात् प्रातः 7ः30 बजे कलेक्टर बीजापुर द्वारा कलेक्टोरेट बीजापुर में ध्वजारोहण किया जायेगा, जिसमें कलेक्टोरेट में संचालित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सम्मिलित होंगे। इसके अलावा सभी शासकीय, अशासकीय संस्थाओं में प्रातः 7ः30 बजे कार्यालय प्रमुख या संस्था प्रमुख के द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा।
समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों, पुलिसकर्मियों, नगर सैनिकों, विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सा, विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई, यातायात, मीडिया गैलरी, परेड, ध्वनि विस्तारक यंत्र, राष्ट्रध्वज व्यवस्था एवं चलित झांकी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु संबंधित विभागों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। कार्यक्रम की शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था पुलिस प्रशासन के मार्गदर्शन में सुनिश्चित की जाएगी।
समारोह के नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं तथा सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वित रूप से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम की अंतिम रिहर्सल 23 जनवरी 2026 को निर्धारित समयानुसार आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे गणतंत्र दिवस समारोह में सहभागिता कर राष्ट्रीय पर्व को उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाएं।


