छत्तीसगढ़

जिला जेल में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 639 बंदियों को मिला लाभ


रायगढ़, 5 फरवरी 2026/sns/- रायगढ़ जिला जेल में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 639 परिरूद्ध बंदियों को लाभ प्राप्त हुआ। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़, जिला जेल रायगढ़ और अंतरंग सामाजिक संस्था के संयुक्त सहयोग से आयोजित हुआ। शिविर का उद्घाटन जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायगढ़ द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला विधिक सेवा समिति के सचिव, जेल अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
शिविर में शासकीय चिकित्सालयों और निजी संस्थानों के चिकित्सकों ने जनरल मेडिसिन, हड्डी रोग, न्यूरोलॉजी, नेत्र रोग, चर्म रोग, दंत रोग, क्षय रोग, एचआईवी, मनोरोग और आयुर्वेद चिकित्सा जैसी विभिन्न विशेषज्ञताओं के माध्यम से बंदियों की जांच और उपचार किया। बंदियों को आवश्यक दवाइयाँ भी दी गईं। मौसम परिवर्तन से होने वाले रोगों को देखते हुए इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन मानवीय दृष्टिकोण से किया गया, ताकि बंदियों का स्वास्थ्य बेहतर हो सके। जिला सत्र न्यायाधीश ने सभी कर्मचारियों और संस्था के पदाधिकारियों की सराहना की और भविष्य में ऐसे और शिविरों के आयोजन की आवश्यकता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *