छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना से संवर रहा रानी करुणा का घर-संसार,अब तक मिली 24 हजार रुपये की राशि

बलौदाबाजार, 5 फ़रवरी 2026/sns/- ग्राम देवरी निवासी रानी करुणा गायकवाड के लिए महतारी वंदन योजना आर्थिक संबल का बड़ा माध्यम बनकर उभरी है। हर महीने एक हजार मिलने वाली राशि से दैनिक जरूरतें आसानी से पूरी हो रही है और गृहस्थी बेहतर चल रही है।

रानी करुणा के पति शैलेश गायकवाड एक निजी प्लांट में काम करते हैं, लेकिन परिवार की सीमित आय के कारण घर का खर्च चलाना और दो छोटे बच्चों की परवरिश करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था। उनकी बड़ी बेटी अभी केजी-2 में शिक्षा प्राप्त कर रही है और छोटा बेटा मात्र 18 महीने का है। ऐसे में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा शुरू की गई इस योजना ने उनके परिवार को एक नई दिशा और राहत प्रदान की है।

हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की महिलाओं के बैंक खातों में योजना की 24वीं किश्त के रूप में 1000 रुपये की राशि सफलतापूर्वक हस्तांतरित की गई है। रानी करुणा गायकवाड को भी इस योजना का निरंतर लाभ मिल रहा है और वे अब तक कुल 24 हजार रुपये की राशि प्राप्त कर चुकी हैं। इस राशि का उपयोग वे बड़ी ही समझदारी के साथ कर रही हैं। वे प्राप्त पैसों का एक हिस्सा अपनी रोजमर्रा की घरेलू आवश्यकताओं और बच्चों की जरूरतों को पूरा करने में खर्च करती हैं, जबकि शेष राशि को उन्होंने भविष्य की आकस्मिक जरूरतों के लिए बचाकर रखा है।

रानी करुणा ने इस योजना के प्रति अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हर महीने समय पर मिलने वाली यह राशि उनके जैसे मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बहुत मददगार साबित हो रही है। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी और सशक्त बनाने के इस विजनरी प्रयास के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है। उनका मानना है कि यह योजना न केवल महिलाओं के हाथ में पैसा दे रही है, बल्कि समाज में उनके आत्मविश्वास और सम्मान को भी बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *