छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मुंगेली में बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित

मुंगेली, 04 फरवरी 2026/sns/- राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरगांव में बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहू एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन गिरीश कुर्रे के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक सह प्रशिक्षण में जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुदेश रात्रे द्वारा एचआईवी/एड्स एक्ट 2017 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि किसी भी मरीज के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में भेदभाव करना कानूनन अपराध है। यदि किसी प्रकार के भेदभाव की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है, जिसमें जेल एवं जुर्माने की सजा भी हो सकती है।
कार्यक्रम में टीबी एवं एचआईवी से संबंधित समन्वित सेवाओं पर भी चर्चा की गई तथा शीघ्र पहचान कर उपचार प्रारंभ करने पर बल दिया गया। प्रशिक्षण में परामर्शदाता दिलीप बसंत द्वारा एचआईवी, एसटीआई के रोकथा एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही पोस्ट एक्सपोजर प्रोफाइलिसिस के तहत सावधानियांे एवं बचाव के बारे में बताया गया। साथ ही सभी चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य कर्मियों को एचआईवी संक्रमित गर्भवती माताओं की शीघ्र पहचान कर अनिवार्य जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में जागरूकता आधारित लघु फिल्म “जरा सी गलती” भी प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शपथ ली कि वे एचआईवी/एड्स संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करेंगे तथा समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्येन्द्र जायसवाल, डॉ. पुष्पेन्द्र, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *