मुंगेली, 04 फरवरी 2026/sns/- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के तत्वावधान में 14 मार्च को जिले में वर्ष की प्रथम नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी ने जिला न्यायालय परिसर में बैंकों एवं बीमा कंपनियों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने लोक अदालत में बैंकों एवं बीमा कंपनियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। न्यायाधीश श्रीमती मेरावी ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि वे प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को अधिक से अधिक संख्या में नेशनल लोक अदालत में प्रस्तुत करें तथा प्रकरणों के निराकरण पर मिलने वाली छूट एवं लाभ की जानकारी पक्षकारों तक प्रभावी रूप से पहुँचाएं, ताकि अधिकाधिक मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से समाधान हो सके।
साथ ही, सभी बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में लंबित क्लेम प्रकरणों के शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण पर भी विस्तृत चर्चा की गई, जिससे न्यायिक बोझ कम हो और पीड़ित पक्षकारों को त्वरित न्याय मिल सके। बैठक में प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री राकेश कुमार सोम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मुंगेली श्रीमति जसविंदर कौर अजमानी मलिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली की सचिव श्रीमति कंचन लता आचला, अधिवक्ता श्री टीकम चंद्राकर एवं जिले के बैंकों के अधिकारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहें।


