छत्तीसगढ़

रायगढ़ को कुष्ठ रोग मुक्त बनाने का संकल्प, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ


रायगढ़, 31 जनवरी 2026/SNS/- राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय रायगढ़ में कुष्ठ रोग उन्मूलन को लेकर शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. टी.जी. कुलवदी एवं शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम द्वारा कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई कि कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिवारजनों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा और समाज में फैले कलंक को समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम में यह घोषणा की गई कि जिला रायगढ़ के नागरिक एवं जिला प्रशासन मिलकर जिले को कुष्ठ रोग से मुक्त बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। अधिकारियों ने कहा कि कुष्ठ रोग का निदान आसान है और यह पूरी तरह से इलाज योग्य है। समय पर पहचान और उपचार से विकलांगता को रोका जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान “कलंक को खत्म करें, गरिमा को अपनाएं” तथा “कलंक और भेदभाव के प्रति शून्य सहनशीलता” की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यह संकल्प लिया कि कुष्ठ रोगियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें सम्मानजनक जीवन देने और उनके प्रति फैले भ्रम व भेदभाव को समाप्त करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके साथ ही पूरे रायगढ़ जिले में जागरूकता अभियान चलाया गया। जिले के समस्त स्वास्थ्य केंद्रों में शपथ ली गई तथा रैलियों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से आम जनता तक यह संदेश पहुंचाया गया कि कुष्ठ रोग कोई अभिशाप नहीं बल्कि एक सामान्य जीवाणु संक्रमण है, जिसका इलाज संभव है। समय पर पहचान और उपचार से व्यक्ति स्वस्थ जीवन जी सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *