छत्तीसगढ़

पीएम सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सीईओ ने की साप्ताहिक समीक्षा बैठक


रायपुर, 31 जनवरी 2026/sns/- पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के सुचारु, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के निर्देश पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कुमार बिश्वरंजन ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सीईओ श्री बिश्वरंजन ने योजना की वर्तमान प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए बैंकों को आवेदन सोर्सिंग बढ़ाने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को बिना किसी अनावश्यक बाधा के समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन को बिना ठोस कारण के अस्वीकृत न किया जाए, तथा यदि किसी कारणवश आवेदन निरस्त किया जाता है तो संबंधित आवेदक को अस्वीकृति का स्पष्ट कारण अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए।

सीईओ ने बैंक, सीएसपीडीसीएल एवं वेंडरों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया. उन्होंने योजना की स्वीकृति, ऋण वितरण (डिस्बर्समेंट) एवं इंस्टॉलेशन की साप्ताहिक समीक्षा निरंतर जारी रखने तथा अनुपस्थित बैंकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने निर्देशित किया गया।

उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर  योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत आम नागरिकों को लाभ प्राप्त करने एवं ऋण लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। आवेदन निरस्त करने से पूर्व सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक चर्चा करने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *