अंबिकापुर, 30 जनवरी 2026/sns/- भारत सरकार के नीति आयोग के मार्गदर्शन में संचालित आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत सरगुजा जिले के आकांक्षी ब्लॉक लखनपुर में सम्पूर्णता अभियान 2.0 का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ 31 जनवरी 2026 को प्रातः 10ः00 बजे कार्यालय जनपद पंचायत लखनपुर में किया जाएगा। इस संबंध में नोडल अधिकारी आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
छह प्रमुख सूचकांकों पर शत-प्रतिशत उपलब्धि का लक्ष्य
नीति आयोग के निर्देशानुसार सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत चयनित 06 प्रमुख सूचकांकों में शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित किया जाना है। अभियान का उद्देश्य शासकीय योजनाओं और सेवाओं की पहुँच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना तथा विकास के प्रमुख मानकों में गुणात्मक सुधार लाना है।
विभागीय समन्वय पर विशेष जोर
महिला एवं बाल विकास विभाग, पशुधन विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागों को अभियान अवधि के दौरान अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित लक्ष्यों की पूर्ति हेतु समन्वित रूप से कार्य करने कहा गया है।
जनभागीदारी से विकास को गति
सम्पूर्णता अभियान 2.0 के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने, सेवा वितरण प्रणाली को मजबूत करने तथा विकास सूचकांकों में सुधार लाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे। यह अभियान लखनपुर विकासखंड में समग्र एवं समावेशी विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

