जगदलपुर, 27 जनवरी 2026/sns/- बस्तर जिले में गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व इस वर्ष अपार उत्साह, गरिमा और एक ऐतिहासिक अनूभूति के साथ संपन्न हुआ। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए पूरे जिले में राष्ट्रप्रेम की एक नई लहर देखने को मिली। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, नगरीय निकायों और सुदूर वनांचल स्थित त्रि-स्तरीय पंचायतों में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान जन-गण-मन के ठीक पश्चात अनिवार्य रूप से वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा बस्तर देशभक्ति के स्वर में गूंज उठा। यह आयोजन इस वर्ष इसलिए भी अविस्मरणीय बन गया क्योंकि देश श्वंदे मातरम्श् रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव मना रहा है। 7 नवंबर 2025 से चल रहे इस वर्षव्यापी समारोह के तहत, गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति समर्पण का यह दृश्य केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ब्लॉक मुख्यालयों से लेकर ग्राम स्तर तक विस्तारित हुआ। कलेक्टर की पहल और अपील का व्यापक असर दिखा, जहाँ स्थानीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर ध्वजारोहण के बाद वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया।
समारोह को भव्यता प्रदान करने में पुलिस बैंड और स्कूली छात्रों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जहाँ एक ओर राज्य पुलिस बैंड ने सार्वजनिक स्थानों पर देशभक्ति गीतों की धुनों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया, वहीं दूसरी ओर स्कूलों और कॉलेजों में एनसीसी, एनएसएस और स्काउट्स के छात्रों ने वंदे मातरम पर आधारित आकर्षक संगीतमय प्रस्तुतियां दीं।

