छत्तीसगढ़

सरगुजा संभाग के इकलौते श्रमजीवी पत्रकार भवन का लोकार्पण, स्थानीय विधायक, प्रदेश अध्यक्ष श्री अवस्थी व सूरजपुर,बलरामपुर जिला के पत्रकार हुए शामिल

संभाग के इकलौते श्रमजीवी पत्रकार भवन का लोकार्पण
प्रतापपुर | 23 जनवरी 2026 (शनिवार)
संभाग के इकलौते छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार भवन, प्रतापपुर का लोकार्पण शनिवार को अनाज मंडी के समीप गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक प्रतापपुर श्रीमती शकुंतला पोर्ते तथा छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्री अरविंद अवस्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री मुकेश गर्ग, सूरजपुर, भटगांव, ओड़गी, भैयाथान, वाड्राफनगर सहित संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकार साथी, प्रतापपुर जनपद के स्थानीय पत्रकार, अधिवक्ता, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आम जनता उपस्थित रही। पत्रकार भवन का लोकार्पण विधिवत पूजा-पाठ के साथ किया गया। साथ ही नवीन रेस्ट हाउस भवन का शिलान्यास भी संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान प्रतापपुर के पत्रकारों द्वारा माननीय विधायक महोदया एवं बाहर से पधारे अतिथियों का पुष्पमाला, शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इसी क्रम में प्रांतीय अध्यक्ष श्री अरविंद अवस्थी जी द्वारा बाहर से आए पत्रकारों एवं स्थानीय पत्रकारों को पुष्पमाला व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्वागत कार्यक्रम को और भी आकर्षक बनाते हुए स्थानीय विद्यालय के बच्चों एवं सैला टीम द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने सभी उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अपने उद्बोधन में प्रांतीय अध्यक्ष श्री अवस्थी जी ने कहा कि यह अत्यंत गर्व की बात है कि सूरजपुर जिले के पत्रकार साथी सदैव जागरूक और संगठित रहे हैं, जिसका परिणाम आज यह ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने जिलाध्यक्ष एवं सभी ब्लॉक अध्यक्षों के योगदान की सराहना करते हुए राज्य सरकार द्वारा पत्रकार हित में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी तथा विधायक महोदया के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला अध्यक्ष श्री मुकेश गर्ग ने अपने उद्बोधन में पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को माननीय विधायक के समक्ष रखा तथा भवन में शेष कमियों को पूर्ण कराने हेतु आश्वासन भी प्राप्त किया।
अंत में माननीय विधायक श्रीमती शकुंतला पोर्ते जी ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में पत्रकारों एवं आम जनता की आवश्यकताओं को प्राथमिकता से पूरा करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन श्री जीशान खान द्वारा किया गया। पत्रकार संघ की ओर से सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर प्रशासन की ओर से एसडीएम, राजस्व विभाग, टीआई, पुलिस विभाग, आसपास की चौकियों के प्रभारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
यह पहली बार देखने को मिला कि एक ही मंच पर देश के चारों स्तंभों—विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और पत्रकारिता—की सशक्त उपस्थिति दर्ज हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *