छत्तीसगढ़

संवाद की क्षमता किशोरों के भविष्य निर्माण में सहायक कलेक्टर


राजनांदगांव, 24 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की उपस्थिति में किशोरावस्था के दौरान शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर अभिभावकों की सकारात्मक एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत सभाकक्ष में संवाद संस्कार विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कलेक्टर ने सकारात्मक पेरेंटिंग एवं सशक्त युवा विषय पर कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला के माध्यम से अभिभावकों की समझ विकसित होगी। जिसका लाभ आने वाले वर्षों में दिखेगा और संवाद की क्षमता किशोरों के भविष्य निर्माण में सहायक होगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि युवा सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम है।
अलायंस फॉर बिहेवियर चेंज के राज्य नोडल प्रभारी एवं सर्वहितम के अध्यक्ष श्री मनीष सिंह ने किशोरावस्था के चार आयाम अधिकार, कर्तव्य, सहभागिता और अवलोकन पर बात की। उन्होंने कहा कि विद्यालय, परिवार और समुदाय के बीच समन्वय से ही बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को मजबूत किया जा सकता है। यूनिसेफ के राज्य एसबीसी कंसल्टेंट श्री चंदन कुमार ने किशोरों के समग्र विकास में परिवार एवं समुदाय की भूमिका के संबंध में जानकारी दी। कार्यशाला में पढ़ाई का कोना एवं आज क्या सीखा गतिविधि के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यशाला में यूनिसेफ डीसी सुश्री दिव्या राजपूत, स्टेट कॉर्डिनेटर श्री राघवेन्द्र सिंह सहित शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, एनएसएस, माई भारत एवं युवोदय स्वयंसेवक की सक्रिय सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *