मुंगेली, 22 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने छत्तीसगढ़ नर्सिंग होम अधिनियम 2013 के अंतर्गत लोरमी स्थित साहू हास्पिटल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की महिला एवं पुरुष वार्ड, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, दवा भंडारण कक्ष सहित अन्य प्रमुख विभागों का गहन अवलोकन किया गया। अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति, नर्सिंग स्टाफ, स्वच्छता व्यवस्था एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं की विस्तार से जांच की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों के उपचार के दौरान सभी आवश्यक विशेषज्ञ डॉक्टर समय पर उपलब्ध रहें तथा अस्पताल में शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अस्पताल में अग्नि सुरक्षा, पंजीयन संबंधी दस्तावेजों एवं आवश्यक संसाधनों की भी जांच की गई। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि जिले में संचालित सभी निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम्स की नियमित जांच जारी रहेगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ठाकुर, आयुष्मान भारत के जिला परियोजना समन्वयक श्री अखिलेश कौशिक सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

