सुकमा, 15 जनवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार, आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह को भव्य बनाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस गरिमामय कार्यक्रम के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पीटी प्रदर्शन और मार्च पास्ट की रूपरेखा तय की गई है। बैठक में जिले के विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन की सफलता के लिए साझा रणनीति बनाई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विशेष मापदंड निर्धारित किए गए हैं, जिसके तहत स्कूली छात्र देशभक्ति और लोक गीतों पर 4-5 मिनट की प्रस्तुति देंगे। इन कार्यक्रमों का अंतिम चयन 23 जनवरी को चयन समिति के समक्ष होने वाली प्रस्तुति के आधार पर किया जाएगा। साथ ही, अनुशासन और लयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए 17 जनवरी से एकलव्य स्कूल में 6 स्कूलों के बच्चों का पीटी अभ्यास शुरू होगा, जबकि 24 जनवरी को मिनी स्टेडियम में अंतिम रिहर्सल की जाएगी।
इस प्रशासनिक बैठक में डीएमसी, जिला खेल अधिकारी और सुकमा जिले के प्रमुख शिक्षण संस्थानों जैसेकृसेजस, एकलव्य, पोटा केबिन और कन्या शिक्षा परिसर के प्रतिनिधि शामिल हुए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आयोजन में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि गणतंत्र दिवस का उत्सव जिले की गौरवशाली परंपरा और बच्चों के हुनर का जीवंत उदाहरण बने।


