छत्तीसगढ़

सर्तक ऐप से सख्त निगरानी धरसीवां में 200 क्विंटल धान व वाहन जप्त, मील को किया गया सील

रायपुर, 13 जनवरी 2026/SNS/-कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विकसित सर्तक ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के आधार पर जिले के धान उपार्जन केंद्रों, राइस मिलों एवं समितियों में सघन जांच अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा

इसी क्रम में आज धरसीवां विकासखंड के ग्राम दोंदेकला स्थित प्राथमिक कृषि साख सेवा सहकारी समिति में संयुक्त जांच दल द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान पीडी राइस मील के संचालक श्रीमती नूतन अग्रवाल, पति श्री प्रदीप अग्रवाल से संबंधित 500 कट्टा (200 क्विंटल) धान एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन क्रमांक CG 04 JE 0813 को जप्त एवं राइस मील को सील किया गया। सर्तक ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का तीन दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे जिले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई संभव हो पा रही है।

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी एवं उठाव की निगरानी के लिए राज्य शासन द्वारा इस वर्ष सर्तक ऐप के माध्यम से नई तकनीकी व्यवस्था लागू की गई है। इसके अंतर्गत धान खरीदी एवं परिवहन की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। जीपीएस तकनीक से वाहनों की ट्रैकिंग की जा रही है तथा संवेदनशील उपार्जन केंद्रों में लगाए गए कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी मंडी अधिनियम के अंतर्गत अनियमितताओं पर धान जप्ती एवं जुर्माने की कार्रवाई की जा चुकी है।

इस संबंध में अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर ने बताया कि सर्तक ऐप से प्राप्त शिकायतों पर आगामी तीन दिनों के भीतर राजस्व, मंडी एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच की जाएगी। जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित राइस मिलों को काली सूची में डालने एवं आवश्यकतानुसार सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं किसान हितैषी बनाए रखने के लिए सतत निगरानी एवं कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *