छत्तीसगढ़

धान खरीदी व्यवस्था सुदृढ़ करने कलेक्टर श्री अमित कुमार का नयापारा संग्रहण केंद्र पर औचक निरीक्षण

सुकमा, 12 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार ने सोमवार को धान संग्रहण केंद्र नयापारा, सुकमा का औचक निरीक्षण कर धान भंडारण एवं परिवहन की प्रारंभिक तैयारियों का विस्तार से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध भंडारण क्षमता, रख-रखाव की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने निर्देश दिए कि संग्रहण केंद्र में धान भंडारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने केंद्र परिसर में फेंसिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सड़क की बेहतर स्थिति, नियमित साफ-सफाई तथा पानी निकासी की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही आग से बचाव के लिए आवश्यक सभी सुरक्षा उपाय अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर श्री कुमार ने पिछले वर्ष के धान के तत्काल उठाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में धान लंबे समय तक समितियों में न रुके, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो। इसके लिए टीओ (परिवहन आदेश) जारी करने की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कुमार ने जिले की समितियों में खरीदे गए धान को शीघ्र ही संग्रहण केंद्र तक पहुंचाने हेतु परिवहन आदेश जारी करने के निर्देश दिए, ताकि धान का सुव्यवस्थित भंडारण सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए किसानों की सुविधा और धान खरीदी व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए, ताकि पूरे जिले में धान संग्रहण एवं परिवहन की प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
इस अवसर पर जिला विपणन अधिकारी श्री राजेंद्र ध्रुव ने बताया कि जिले के संग्रहण केंद्रों में लगभग 25 हजार मीट्रिक टन धान के भंडारण की व्यवस्था की गई है तथा इसके लिए परिवहन आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि समितियों से धान का तत्काल उठाव होने से वहां जाम की स्थिति नहीं बनेगी और खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *