छत्तीसगढ़

छिन्दगढ़ में 17 जनवरी को होगा “बस्तर पंडुम 2026” का जनपद स्तरीय आयोजन

सुकमा, 09 जनवरी 2026/sns/-राज्य शासन के निर्देशानुसार जनजातीय बाहुल्य बस्तर संभाग की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा एवं कला के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से “बस्तर पंडुम 2026” का प्रथम चरण जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में 17 जनवरी 2026, शनिवार को बालक सेजेस हायर सेकेण्ड्री स्कूल, छिन्दगढ़ में आयोजित होगी।
इस आयोजन का उद्देश्य बस्तर अंचल की लोककला, शिल्प, तीज-त्यौहार, खानपान, बोली-भाषा, रीति-रिवाज, वेशभूषा, आभूषण, वाद्य यंत्र, पारंपरिक नृत्य, गीत-संगीत, नाट्य, पारंपरिक व्यंजन एवं पेय पदार्थ, आंचलिक साहित्य तथा जन औषधि जैसी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के मूल स्वरूप का संरक्षण, संवर्धन करना है।
प्रतियोगिता के अंतर्गत जनपद मुख्यालय स्तर पर 12 विधाओं पर आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर से प्रत्येक विधा में एक-एक दल अथवा समूह प्रतिभागी का चयन किया जाएगा। चयनित कलाकार जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
संबंधित सभी कलाकारों एवं कला समूहों को जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होने हेतु निःशुल्क ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन के माध्यम से आमंत्रित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *