छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत हरिद्वार, ऋषिकेश, भारत माता मंदिर का भ्रमण कर 800 तीर्थयात्री की हुई सकुशल वापसी


राजनांदगांव, 31 दिसम्बर 2025/sns/- मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत हरिद्वार, ऋषिकेश, भारत माता मंदिर का भ्रमण कर 800 तीर्थयात्री सकुशल वापस आ गए है। तीर्थयात्रियों को 26 दिसम्बर को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से रवाना किया गया था। जिसमें राजनांदगांव जिले से 313, कबीरधाम जिले से 244, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले से 113, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले से 110 कुल 780 तीर्थयात्री एवं उनके 20 अनुरक्षक शामिल थे। वापस आने पर तीर्थयात्रियों के चेहरे पर खुशी और रौनक थी। उन्होंने बताया कि यात्रा मंगलमय रही और कोई तकलीफ नहीं हुई। समाज कल्याण एवं पर्यटन विभाग द्वारा परिवहन सुविधा, आवास हेतु होटल व्यवस्था, नाश्ता, भोजन व्यवस्था के साथ ही कंबल, टोपी, छाता सभी तीर्थयात्रियों को उपलब्ध कराए गए थे। यात्रियों ने बताया कि हरिद्वार, ऋषिकेश, भारत माता मंदिर जैसे तीर्थ स्थल एवं दर्शनीय स्थल की यात्रा रोचक एवं यादगार रही। सर्दी के मौसम के दृष्टिगत यात्रियों के लिए गर्म कम्बल सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थी। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के लिए तीर्थयात्रियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *