छत्तीसगढ़

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने लोरमी क्षेत्र को दी सिंचाई और जल-संवर्धन की बड़ी सौगात

मुंगेली, 26 दिसम्बर 2025/sns/-उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने आज लोरमी विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों को विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने ग्राम डोंगरिया में मनियारी नदी पर 04 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एनीकट का विधिवत भूमिपूजन किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र में सिंचाई, निस्तारी और जल संरक्षण को मजबूती देने के साथ-साथ ग्रामीण जीवन और कृषि अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी। एनीकट के निर्माण से डोंगरिया, जमुनाही, उरईकछार, लाखासार, हरदीबांध, घानाघाट सहित आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। जलस्तर में वृद्धि होगी, लगभग 250 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी और पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने इस अवसर पर क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के लिए 21 लाख रुपये के अतिरिक्त कार्यों की भी घोषणा की। इनमें बघर्रा में सामुदायिक भवन सह मंच निर्माण हेतु 06 लाख रुपये, ग्राम जमुनाही में सीसी रोड निर्माण के लिए 07 लाख रुपये, छुईहापारा में रंगमंच निर्माण के लिए 03 लाख रुपये तथा ग्राम डोंगरिया में स्कूल परिसर में सीसी रोड और साइकिल शेड निर्माण के लिए 05 लाख रुपये शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़कों, पुल-पुलियों और एनीकटों के निर्माण से क्षेत्र में विकास का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। डिप्टी सीएम श्री साव ने वर्षा जल संरक्षण के लिए ग्रामीणों को जागरूक करते हुए प्रेरित किया। उन्होंने बरसात के पानी को गांव में ही रोकने और जल संरक्षण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि उप मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा किया गया है। एनीकट के निर्माण से वर्षा जल का संचय होगा, जिससे गर्मी के मौसम में पानी की समस्या दूर होगी और ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एनीकट निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में और पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रत्ना काठले, श्री गुरमीत सलूजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सरपंचगण और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास को लेकर उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *