छत्तीसगढ़

कोन्टा में तिल की उन्नत किस्म ‘उन्नत रामा’ का सफल प्रदर्शन

सुकमा, 26 दिसम्बर 2025/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार के कुशल मार्गदर्शन में सुकमा जिले में आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हो रही है।  CFLD (अग्रिम पंक्ति फसल प्रदर्शन) कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र, सुकमा द्वारा जिले में तिल की उन्नत किस्म “उन्नत रामा” का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया जा रहा है, जिससे तिल उत्पादन को नई दिशा मिल रही है।
इसी क्रम में कोन्टा विकासखंड के अंतर्गत लगभग 220 एकड़ क्षेत्रफल में तिल की फसल लगाई गई है, जो वर्तमान में कटाई की अवस्था में है। इस उत्कृष्ट पहल के अंतर्गत दिनांक 21 दिसंबर 2025 को एर्राबोर एवं आसपास के ग्रामों में प्रक्षेत्र दिवस सह कृषक प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम के दौरान 43 किसानों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। कृषि मैपर ऐप के माध्यम से किसानों को डिजिटल कृषि प्रणाली से जोड़ा गया, जिसके अंतर्गत 87.50 एकड़ क्षेत्र का फील्ड निरीक्षण किया गया। ऐप के माध्यम से किसानों की व्यक्तिगत जानकारी, फसल में प्रयुक्त आदान, खेत का जियो-प्लॉटिंग, फसल की वर्तमान स्थिति एवं संभावित उत्पादन का डिजिटल रूप से रिकॉर्ड तैयार किया गया, जिससे फसल की सतत निगरानी एवं सटीक मूल्यांकन संभव हो पाया।
गौरतलब है कि अब तक सुकमा जिले के 207 तिल उत्पादक किसान कृषि मैपर ऐप से जुड़ चुके हैं तथा इस वर्ष जिले में कुल 495 एकड़ क्षेत्रफल में तिल फसल का प्रदर्शन किया गया है, जो जिले को तिल उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बना रहा है। इस अवसर पर किसानों को तिल फसल की कटाई उपरांत आवश्यक सावधानियाँ, भंडारण विधियाँ तथा डिजिटल कृषि प्रणाली के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, सुकमा के पौध रोग विशेषज्ञ एवं  CFLD प्रभारी श्री राजेन्द्र प्रसाद कश्यप, कीट वैज्ञानिक एवं  CFLD सह-प्रभारी डॉ. योगेश कुमार सिदार, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी श्री संतोष तलाड़ी, श्री विनोद पटेल, कृषि विस्तार अधिकारी श्री रिकेश बघेल, सरपंच श्री सोयम रमेश, कृषि विज्ञान केंद्र से श्री गुलशन वर्मा, श्री ओमप्रकाश तथा कृषक मित्र श्री विनोद की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *