छत्तीसगढ़

धान खरीदी में डिजिटल सुविधा ने किसानों को दी बड़ी राहत

कवर्धा, 24 दिसंबर 2025/sns/-धान खरीदी को और अधिक सरल बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप किसानों के लिए वरदान सिद्ध हो रहा है। जहाँ पहले टोकन प्राप्त करने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता था, वहीं अब किसान घर बैठे अपने मोबाइल से मिनटों में ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा 24×7, सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध है, जिससे किसानों को बड़ी सहूलियत मिल रही है और समय की भी बचत हो रही है। इसी डिजिटल सुविधा का लाभ कबीरधाम जिले के ग्राम घुघरी कला के किसान श्री झंगूराम पटेल को मिला। उन्होंने बताया कि उनके पास कुल 22.60 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें उन्होंने धान की खेती की है। श्री पटेल ने ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया और निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुँचकर 138 क्विंटल धान विक्रय किया।
उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र में बारदाना, तौल, बैठने एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध थी, जिससे पूरी प्रक्रिया सहज और सुविधाजनक रही। श्री झंगूराम पटेल ने कहा कि टोकन मिलने के बाद बिना किसी परेशानी के उनका धान आसानी से बिक गया। उन्होंने यह भी बताया कि शासन द्वारा धान का अच्छा दाम मिलने से वे काफी खुश हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच और सुशासन के परिणामस्वरूप कबीरधाम जिले में धान खरीदी व्यवस्था को अधिक सहज, सुगम और पारदर्शी बनाया गया है। जिले के 108 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की प्रक्रिया सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। जहाँ किसान अपनी उपज का विक्रय कर पा रहे हैं।

21 लाख क्विंटल खरीदी, 421.33 करोड़ भुगतान

खाद्य विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार कबीरधाम जिले में अब तक 44 हजार 34 किसानों से 21 लाख 81 हजार 100 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 421 करोड़ 33 लाख रुपए का भुगतान जारी किया जा चुका है। वहीं धान उठाव के लिए मिलरों को डीओ जारी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *