छत्तीसगढ़

राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में बीजापुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन 3 पदक जीते 2 खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

बीजापुर, 24 दिसंबर 2025/sns/- बिलासपुर में आयोजित 23वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता 2025 में बीजापुर खेल अकादमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में बीजापुर खेल अकादमी के 9 बालिका एवं 3 बालक सहित कुल 12 खिलाड़ियों ने सहभागिता की जिनमें से खिलाड़ियों ने 2 सिल्वर एवं 1 ब्रॉन्ज सहित कुल 3 पदक अपने नाम किए।
क्रॉस कंट्री रेस में संतोषी भंडारी ने अंडर-16 बालिका वर्ग की 2 किमी दौड़ में सिल्वर मेडल, जबकि पूजा वाचम ने अंडर-18 वर्ग की 4 किमी दौड़ में सिल्वर मेडल प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त बीजापुर जिले के 2 खिलाड़ियों का चयन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 25 जनवरी 2026 को रांची (झारखंड) में आयोजित होने वाले  60वीं नेशनल क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
उल्लेखनीय है कि चयनित एवं पदक विजेता खिलाड़ी बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के एथलेटिक्स प्रशिक्षु हैं जो शासकीय नवीन कन्या हाई स्कूल एवं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्राएं हैं।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कलेक्टर श्री संबित मिश्रा एवं प्रभारी खेल अधिकारी श्री नारायण प्रसाद गवेल ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एथलेटिक्स कोच श्री संदीप कुमार गुप्ता बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *