छत्तीसगढ़

जेम पोर्टल पर खरीदी प्रक्रिया में बरतें पूरी सावधानी कलेक्टर

बलौदाबाजार, 23 दिसम्बर 2025/sns/- कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को समय -सीमा की बैठक में विभागीय कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने जेम पोर्टल पर खरीदी प्रक्रिया में सतर्कता एवं पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को ऊर्जा संरक्षण का संकल्प दिलाया।

कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि राज्य शासन की मंशानुरुप शासकीय खरीदी में भण्डार क्रय नियम का कड़ाई से पालन करें। जेम पोर्टल पर टेंडर की प्रक्रिया सावधानी पूर्वक किया जाए। उन्होने बैठक में धान खरीदी की समीक्षा करते हुए अवैध धान पर सख्त कार्यवाही करने, धान उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होने नोडल अधिकारियो द्वारा किये जाने वाले साप्ताहिक निरीक्षण में स्टॉक रजिस्टर एवं भौतिक रूप से उपस्थिति का मिलान कर रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश दिये।राजस्व के लंबित प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने तथा स्वामित्व योजना अंतर्गत अधिकार अभिलेख पत्र तैयार करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने खाद्य पदार्थो में मिलावट के विरुद्ध कार्यवाही हेतु मिष्ठान्न एवं बेकरी प्रतिष्ठानों में नियमित रूप से जांच अभियान चलाने के निर्देश खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियो को दिये। इसीतरह अवैध शराब निर्माण एवं भण्डारण पर भी नियमित रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इस दौरान मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री सचिवालय, सीपी ग्राम्स, समय -सीमा से सम्बधित आवेदनों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिये।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल,अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते, अवध राम टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *