छत्तीसगढ़

कलेक्टर श्री अमित कुमार ने किया साइंस पार्क सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण

सुकमा, 22 दिसंबर 2025/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार ने  सोमवार को जिले के विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइंस पार्क सुकमा, डीपीआरसी एवं शासकीय स्पेशलिटी क्लीनिक (आयुर्वेद चिकित्सा) सुकमा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार ने साइंस पार्क सुकमा को पुनः संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क परिसर में साफ-सफाई, पेंटिंग एवं आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के लिए कहा। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि साइंस पार्क के पुनः संचालन से बच्चों को विज्ञान से जुड़ी रोचक और उपयोगी जानकारियां प्राप्त होंगी तथा विज्ञान के प्रति उनकी रुचि में वृद्धि होगी। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि पार्क बच्चों के लिए आकर्षक, सुरक्षित एवं ज्ञानवर्धक वातावरण के साथ शीघ्र प्रारंभ हो। इस अवसर पर उन्होंने अंतर्गत नगरीय निकाय को आवश्यक निर्देश देते हुए देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही साइंस पार्क में बेहतर साफ सफाई और हाई मास्ट सोलर लाइट की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए, ताकि परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने डीपीआरसी (जिला पंचायत संसाधन केंद्र) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रहे मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि कार्यालयीन कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न हो।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री कुमार ने शासकीय स्पेशलिटी क्लीनिक सुकमा (आयुर्वेद चिकित्सा) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीयन व्यवस्था, स्टाफ की उपस्थिति एवं परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। साफ-सफाई को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही क्लीनिक में आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने, पंजीयन प्रक्रिया को सुचारू रखने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और कार्यों की नियमित समीक्षा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *