कवर्धा, 22 दिसंबर 2025/sns/-कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में जिले में पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जा रही है। 21 दिसंबर को जिले के 942 पल्स पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। अभियान के प्रथम दिवस कुल 1 लाख 03 हजार 218 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई। विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार कवर्धा विकासखंड में 26,798, बोड़ला विकासखंड में 24,956, सहसपुर लोहारा विकासखंड में 16,594 तथा पंडरिया विकासखंड में 34,870 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों को 22 और 23 दिसंबर को स्वास्थ्य अमले द्वारा घर-घर भ्रमण कर पोलियो की दो बूंद पिलाई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि जिले में पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत कुल 1,13,083 बच्चों को पोलियो वैक्सीन पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें कवर्धा विकासखंड के 28,525, बोड़ला के 24,758, सहसपुर लोहारा के 20,175 तथा पंडरिया विकासखंड के 39,625 बच्चे शामिल हैं। इसके लिए जिले में 942 बूथ स्थापित किए गए थे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुरे ने बताया कि भारत में वर्ष 2011 के बाद पोलियो का कोई भी प्रकरण सामने नहीं आया है और निरंतर पोलियो सर्विलेंस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए सभी बच्चों को एक साथ अतिरिक्त खुराक दी जाती है ताकि संक्रमण को रोका जा सके।



