छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय गणित दिवस पर सुकमा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

सुकमा, 22 दिसंबर 2025/sns/-छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर द्वारा उत्प्रेरित कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जीआर मंडावी के निर्देशन में शनिवार को राष्ट्रीय गणित दिवस का आयोजन किया गया।
महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जन्मदिवस को राष्ट्रीय गणित दिवस के रूप में मनाते हुए जिला स्तरीय कार्यक्रम पीएम श्री शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुकमा में आयोजित किया गया। इस अवसर पर चित्रकला, क्विज, भाषण प्रतियोगिता एवं गणित की कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी सुकमा श्री जी.आर. मंडावी द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना एवं महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल मुरतोंडा के विद्यार्थियों द्वारा गतिविधि के माध्यम से जोड़, घटाना, गुणा एवं भाग की प्रस्तुति से हुई, जिसे सभी ने सराहा।
अपने उद्बोधन में जिला शिक्षा अधिकारी श्री मंडावी ने गणित की महत्ता, उसके व्यावहारिक उपयोग एवं गणित विषय में कैरियर की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को श्रीनिवास रामानुजन के आदर्शों को अपनाने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। खंड शिक्षा अधिकारी श्री शैलेंद्र सिंह भदौरिया ने दैनिक जीवन में गणित के उपयोग, धैर्य एवं निरंतर अभ्यास के साथ गणित सीखने की सलाह दी।
आयोजित प्रतियोगिताओं में चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हरीश कुमार (एकलव्य आवासीय विद्यालय सुकमा), द्वितीय गरिमा सिंहा (केंद्रीय विद्यालय सुकमा) एवं तृतीय कुमारी दीपशिता (केंद्रीय विद्यालय सुकमा) ने प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम भूमिका सोनी (सेजेस शासकीय उमावि पावारास), द्वितीय एकता साहू (जवाहर नवोदय विद्यालय सुकमा) एवं तृतीय देविका राठी (केंद्रीय विद्यालय सुकमा) रहीं। गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम प्रियांशु साव (जवाहर नवोदय विद्यालय सुकमा), द्वितीय उज्जवल कुजूर (मदर टेरेसा हाई स्कूल सुकमा) एवं तृतीय शुभम निषाद (जवाहर नवोदय विद्यालय सुकमा) ने स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के निर्णायक के रूप में श्री अशोक मिस्त्री, व्याख्याता शासकीय हाई स्कूल मुरतोंडा, श्री वीरेंद्र वैष्णव, शासकीय पॉलिटेक्निक सुकमा एवं श्रीमती जसप्रीत कौर व्याख्याता उपस्थित रहे। राष्ट्रीय गणित दिवस कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी, बीईओ श्री शैलेंद्र सिंह भदौरिया, बीआरसी श्री दीपक बारसे, एपीसी श्री सीताराम सिंह राणा, जिला समन्वयक श्री जगदीश्वर राव सहित सभी विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल पाल द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *