छत्तीसगढ़

किसानों के लिए धान विक्रय प्रक्रिया और आसान

सुकमा, 17 दिसंबर 2025/sns/-छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले के धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है। पारदर्शी प्रक्रिया और त्वरित सेवाओं के कारण किसानों के बीच धान खरीदी व्यवस्था को लेकर संतोष बढ़ा है।
 जिला मुख्यालय सुकमा के ग्राम भेलवापाल निवासी किसान श्री मुचाकी गंगा ने धान उपार्जन केंद्र सुकमा में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए बताया कि धान बेचने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उनके नाम पर दर्ज 2.30 हेक्टेयर कृषि भूमि से प्राप्त 100 क्विंटल धान को उपार्जन केंद्र लाने के बाद सभी प्रक्रियाएँ सही समय पर और पारदर्शी तरीके से पूरी की गईं। किसान श्री गंगा ने बताया कि टोकन काटने की प्रक्रिया आसान रही। नमी परीक्षण और गुणवत्ता जांच तुरंत की गई। बारदाना उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं रही तथा धान की तौल में पूरी पारदर्शिता बरती गई। किसान ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने से उनकी आय में वृद्धि हुई है। दो से तीन दिनों में मेरे खाते में धान उपार्जन का पैसा आ जाएगा। मैं इसका उपयोग खेती किसानी में करूँगा। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा घोषित 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान मूल्य को किसानों के लिए महत्वपूर्ण सहायता बताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्था को लगातार बेहतर किया जा रहा है। निरीक्षण दल नियमित रूप से केंद्रों का दौरा कर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि धान विक्रय के दौरान किसी किसान को असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *