छत्तीसगढ़

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने भटगांव, जोरा, सालिहाघाट और सलोनीकला धान खरीदी केंद्र का किया औचक निरीक्षण

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 दिसंबर 2025/sns/-कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने भटगांव, सालिहाघाट, जोरा और सलोनीकला धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जांच किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से सीधे बातचीत कर टोकन, तौल, धान गुणवत्ता और समिति द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

भटगांव धान खरीदी केंद्र में किसान छतराम साहू ने बताया कि उनके पास 3 एकड़ खेत है और उन्होंने 151 कट्टा धान बेचा है। कलेक्टर ने टोकन संबंधी समस्या पूछने पर किसान ने बताया कि टोकन की कोई दिक्कत नहीं है। आज 49 किसानों का टोकन कट चुका है तथा केंद्र की खरीदी लिमिट भी बढ़ा दी गई है।

कलेक्टर ने आसपास के गांवों से आए किसानों से भी चर्चा की और समिति प्रबंधक से पूछा कि कहीं तौल में अतिरिक्त धान तो नहीं लिया जा रहा, समिति प्रबंधक ने कहा कि अधिक धान नहीं ले रहे हैं। कलेक्टर ने किसानों को बताया कि प्रदेश में जिले की धान खरीदी 25% पूरी हो चुकी है और हम राज्य में चौथे स्थान पर हैं। टोकन काउंटर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सहज टोकन सिस्टम का अवलोकन किया। समिति प्रबंधक को फटे व खराब बोरों का उपयोग न करने तथा उन्हें तुरंत वापस करने के निर्देश दिए गए। सालिहाघाट धान खरीदी केंद्र में किसान निर्मल व फिरतराम ने बताया कि उन्होंने मोबाइल ऐप से टोकन कटाया है और कोई समस्या नहीं है।

कलेक्टर ने सलोनीकला धान खरीदी केंद्र में हमाल बढ़ाने के निर्देश

सलोनीकला धान मंडी में कलेक्टर ने किसानों से चर्चा कर खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली। किसान नान दाऊ चंद्र ने बताया कि मंडी में हमाल की कमी है। इस पर कलेक्टर ने मंडी प्रभारी को अतिरिक्त हमाल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि तौल प्रक्रिया पारदर्शी हो और साफ-सुथरा धान ही लिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *