सुकमा, 13 दिसंबर 2025/sns/-जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र के विकास और प्रोत्साहन के उद्देश्य से जनपद पंचायत छिंदगढ़ में प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मूल उद्देश्य उद्यमियों, नवाचार कर्ताओं, महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) सदस्यों, कारीगरों और स्टार्टअप इकाइयों को सरकारी योजनाओं, तकनीकी उन्नयन, बाजार विस्तार, डिजिटल मार्केटिंग और वित्तीय सहायता के अवसरों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर श्रीमती जयंत्री नेताम द्वारा एमएसएमई की परिभाषा, पंजीकरण प्रक्रिया, राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं, व्यवसाय प्रबंधन, जोखिम नियंत्रण, वित्तीय सुलभता और उद्यमिता विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार पूर्वक मार्गदर्शन दिया गया।
इसके साथ ही डिजिटल सक्षमता, ई-कॉमर्स के उपयोग, ऑनलाइन बिक्री एवं मार्केटिंग प्लेटफॉर्म, ब्रांडिंग और उत्पाद प्रचार की संपूर्ण जानकारी दी गई, जिससे स्थानीय एवं ग्रामीण उद्यमी राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज करा सकें। महिला उद्यमियों, एसएचजी समूहों और पारंपरिक कारीगरों के लिए उपलब्ध विशेष सहायता, प्रोत्साहन एवं अवसरों पर भी विशिष्ट रूप से चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में विशेषज्ञों द्वारा इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उद्यम और उद्योग से जुड़े प्रश्न पूछकर अपने संदेह दूर किए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 90 से अधिक उद्यमियों एवं इच्छुक प्रतिभागियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को अत्यंत सफल और जनउपयोगी बनाया। प्रतिभागियों ने इसे ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और व्यावसायिक प्रगति में सहायक बताया। आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
जिले में एमएसएमई क्षेत्र की मजबूती, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हुआ। इस अवसर पर छिंदगढ़ सरपंच श्रीमती सुखमती पुजारी यूको बैंक मैनेजर श्री अविनाश साहू , उद्यम दीदी श्रीमती दिलेश्वरी मांझी, एडीईओ श्री मिथलेश भास्कर उपस्थित थे।

