मोहला, 12 दिसंबर 2025/sns/-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने श्रम विभाग में संचालित भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा असंगठित श्रमिक कल्याण मंडल की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा, पेंशन और आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं श्रमिकों व उनके बच्चों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। पंजीयन के साथ नवीनीकरण भी अनिवार्य है, किंतु लक्ष्य के अनुरूप नवीनीकरण की प्रगति कमजोर है। कलेक्टर ने नवीनीकरण में तेजी लाने तथा ग्राम स्तर पर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि श्रमिकों को विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सकें। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि टीकाकरण के अभाव में अनेक हितग्राही योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर स्थिति, सुरक्षा एवं व्यवस्था की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा, ताकि आवश्यक सुधार किए जा सकें। कलेक्टर ने अपार आईडी में हुए बेहतर कार्य की सराहना की और कम प्रगति वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के मरम्मत कार्य को गुणवत्तापूर्वक कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिला पंचायत को आवास निर्माण एवं पूर्णता में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही आवास व शौचालय निर्माण कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करने सचिवों को दायित्व सौंपने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आत्मसमर्पित नक्सली एवं नक्सल पीडि़त परिवारों के लिए संचालित विशेष परियोजना की समीक्षा करते हुए कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में स्वयं सहायता समूहों के पास उपलब्ध सेंट्रिंग प्लेट का उपयोग पहले किया जाए। समाज कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आधार एवं मोबाइल सीडिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने हितग्राहियों को मिलने वाली डीबीटी की स्थिति की भी जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने ई-डिस्टिक्ट सेवाओं में लंबित प्रकरणों और बढ़ते रिजेक्शन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अपूर्ण दस्तावेजों के कारण आवेदनों के रिजेक्शन बढ़े हैं। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित सीएससी सेंटरों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग अंतर्गत अपार आईडी की समीक्षा करते हुए कार्ययोजना बनाकर प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों के लिए एलपीजी कनेक्शन हेतु प्रस्ताव तैयार करने निर्देश देते हुए स्वास्थ्य परीक्षण एवं टेबलेट सेवन की स्थिति की जानकारी ली। बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए सभी बीईओ को नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत लक्ष्य के विरुद्ध प्राप्त साइकिलों एवं वितरण की जानकारी ली। कलेक्टर ने समग्र शिक्षा अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए पीडब्लूडी और आरईएस को कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चन्द्रकार, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, एसडीएम मोहला श्री हेमेन्द्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर डीआर ध्रुव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
- रकबा समर्पण में लाए तेजी, कोचियों पर करें कार्रवाही
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए धान उपार्जन केंद्रों में किसानों के रकबा समर्पण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने समितिवार जारी टोकनों की जानकारी लेकर रकबा समर्पण की समीक्षा करने को कहा। साथ ही धान कोचियों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रासायनिक खाद और बीज भंडारण एवं वितरण की स्थिति की जानकारी लेने पर विभागीय अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में स्थिति सामान्य हैं। कलेक्टर ने ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर अन्य फसलों को बढ़ावा देने हेतु कार्ययोजना की भी जानकारी ली।
- वय वंदना योजना में लाए प्रगति, एनआरसी को बेहतर करने बनाए कार्य योजना
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने पीएम वय वंदना योजना की कमजोर प्रगति पर नाराजगी जताई और आवश्यक प्रगति लाने को कहा। उन्होंने एनआरसी में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य सुधार की रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा एनआरसी को बेहतर बनाने कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान कार्ड, एएनसी रजिस्ट्रेशन, सिकल सेल स्क्रीनिंग एवं राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम जैसे विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की।


