सुकमा, 9 दिसम्बर 2025/sns/-जिला प्रशासन ने उन सोशल मीडिया में चल रही भ्रामक खबरों का खंडन किया है, जिनमें कहा गया था कि जिला पंचायत, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों को वित्तीय मदों की राशि समय पर जारी नहीं की जा रही है और मूलभूत मद के साथ विभिन्न योजनाओं की राशि लंबित है। जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि सभी वित्तीय मद निर्धारित नियमों और समयसीमा के भीतर नियमित रूप से जारी किए गए हैं, तथा किसी भी प्रकार की पंचायत की राशि लंबित नहीं है।
15वीं वित्त आयोग की राशि समय पर जारी
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत जिला पंचायत सुकमा को 79 हजार 100 रुपए, जनपद पंचायत छिंदगढ़, सुकमा और कोंटा को कुल 1 लाख 19 हज़ार 700 रुपए, जिले की 153 ग्राम पंचायतों को कुल 5 लाख 96 हजार 600 सौ रुपए की राशि प्रदान की गई है। इस प्रकार कुल 7 लाख 95 हज़ार 400 सौ रुपए की राशि सम्पूर्ण प्रक्रिया के अनुरूप जारी की गई है।
मूलभूत योजना की पूरी राशि दो चरणों में जारी
मूलभूत योजना अंतर्गत 160 ग्राम पंचायतों को निर्धारित राशि दो चरणों में प्रदान की गई है। प्रथम किश्त 40 प्रतिशत 17 अक्टूबर 2025 को 1 करोड़ 64 लाख 64 हज़ार रुपए और द्वितीय किश्त 60 प्रतिशत 09 दिसंबर 2025 को 2 करोड़ 46 लाख 97 हजार रुपए जारी किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी पंचायत की मूलभूत राशि लंबित नहीं है और सभी भुगतान समय पर किए गए हैं।
श्रद्धांजलि योजना के तहत भी राशि पूर्ण रूप से वितरित
वर्ष 2025-26 की श्रद्धांजलि योजना के अंतर्गत तीनों जनपद पंचायतों सुकमा, छिंदगढ़ और कोंटा प्रत्येक जनपद पंचायत को 3 लाख 09 हजार 788 रुपए प्रत्येक की राशि जारी की गई है। कुल 9 लाख 29 हजार 364 रुपए जनपदों को नियमित रूप से प्राप्त हो चुके हैं।
भ्रामक खबरों का खंडन, पारदर्शिता पर जोर
जिला प्रशासन ने कहा कि सभी वित्तीय मद पूर्ण पारदर्शिता, दस्तावेजी प्रक्रिया और समयबद्धता के साथ जारी किए गए हैं। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि पंचायतों को देय किसी भी प्रकार की राशि में देरी नहीं हुई है। प्रकाशित भ्रामक समाचार तथ्यहीन हैं। जिला प्रशासन ने मीडिया से अपील की कि बिना सत्यापन के भ्रामक जानकारी प्रकाशित न करें, इससे जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति निर्मित होती है।


