छत्तीसगढ़

डबरी बनी खुशहाली की राह

सुकमा, 08 दिसम्बर 2025/sns/-कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन और जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में सुकमा जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन आजीविका आधारित परियोजनाओं को धरातल पर उतार रहा है। इसी कड़ी में मनरेगा से निर्मित एक छोटी-सी डबरी ने सुकमा के एक साधारण किसान परिवार के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला दिया है।
ग्राम पंचायत रामाराम के किसान हिरमाराम पिता मुकाराम के खेत में बनी यह डबरी अब उनके परिवार की समृद्धि का आधार बन चुकी है। मात्र 2 एकड़ भूमि वाले हिरमाराम पहले सिर्फ बारिश के मौसम में ही खेती कर पाते थे। सिंचाई की व्यवस्था न होने से बाकी समय खेत खाली पड़े रहते और परिवार मुश्किल से गुजर-बसर कर पाता था। ग्रामसभा की बैठक में जब उन्हें मनरेगा से किसानों के खेत में डबरी निर्माण की जानकारी मिली तो मानो समस्याओं का हल सामने आ गया। हिरमाराम ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में डबरी निर्माण के लिए आवेदन किया और ग्राम पंचायत ने 2 लाख 94 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति के साथ तत्काल कार्य प्रारंभ करा दिया।
निर्माण कार्य पूर्ण हुआ और जैसे ही आषाढ़ में तेज बारिश हुई, डबरी पानी से लबालब भर उठी। बस यहीं से हिरमाराम के जीवन में खुशहाली का दौर शुरू हो गया। अब वे खेत में धान उत्पादन के साथ-साथ डबरी में मछली पालन कर रहे हैं। उन्होंने डबरी में 5 किलो मछली बीज डालकर पालन शुरू किया, जिससे उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये की अतिरिक्त आमदनी हो रही है।
हिरमाराम गर्व से बताते हैं कि पहले आमदनी सिर्फ खेती पर निर्भर थी, पर अब डबरी की वजह से नियमित आमदनी का जरिया मिल गया है। मनरेगा ने मुझे आर्थिक रूप से मजबूत बना दिया है। इस कल्याणकारी योजना के संचालन के लिए मैं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन का तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *