कवर्धा, 06 दिसंबर 2025/sns/- राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आईटीआई कवर्धा में 08 दिसंबर सोमवार को प्रातः 09ः30 बजे से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेन्टिसशिप मेला का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में विभिन्न प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों एवं संस्थानों को अप्रेन्टिसशिप एवं प्लेसमेंट के लिए आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार एवं कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर प्रतिभागी युवाओं को प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों से सीधे वार्ता करने, अप्रेन्टिसशिप के अवसर जानने तथा रोजगार संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
प्रचार्य श्री सत्येन्द्र चंद्रवंशी ने बताया कि समस्त शासकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र, एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ इस मेला में उपस्थित होकर अधिकतम लाभ प्राप्त करें। आईटीआई कवर्धा ने सभी पात्र प्रशिक्षणार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षुता एवं रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएँ।



