छत्तीसगढ़

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा आदिवासी उपयोजना अंतर्गत अरहर फसल के प्रदर्शन का निरीक्षण


अम्बिकापुर, 04 दिसम्बर 2025/sns/- इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल एवं निदेशक, विस्तार सेवाएं डॉ. एस. एस. टुटेजा के मार्गदर्शन में कृषि विज्ञान केन्द्र, सरगुजा द्वारा आदिवासी उपयोजना (TSP) अंतर्गत 30 एकड़ क्षेत्र में किसानों के खेतों पर स्थापित अरहर फसल प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केन्द्र डॉ. संदीप शर्मा ने केवीके की गतिविधियों एवं प्रक्षेत्र प्रदर्शनों की जानकारी दी। विश्वविद्यालय से आए वैज्ञानिक दल में डॉ. मयुरी साहू (प्रभारी, टीएसपी) एवं डॉ. नियति पांडेय शामिल रहीं।
डॉ. मयुरी साहू ने किसानों को अरहर की उन्नत किस्मों, उनके गुणधर्मों तथा अधिक उत्पादन प्राप्त करने हेतु वैज्ञानिक पद्धतियों के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. नियति पांडेय द्वारा अरहर फसल में लगने वाले प्रमुख कीटों की पहचान एवं उनके प्रबंधन संबंधी तकनीकी जानकारी किसानों को प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों ने उपस्थित किसानों से कृषि संबंधी चर्चा की तथा रबी फसल की तैयारी के विषय में भी सलाह दी। अरहर फसल प्रदर्शन हेतु किसानों को बीज, खरपतवार नाशी एवं कीट प्रबंधन हेतु आवश्यक दवाइयाँ पूर्व में उपलब्ध कराई गई थीं। निरीक्षण कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक एवं तकनीकी टीम उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *