छत्तीसगढ़

स्वच्छता में जिले को ओडीएफ प्लस बनाने गंभीरता से करें कार्य-जिला पंचायत सीईओएसबीएम-जी शाखा एवं जनपद टीम की विस्तृत समीक्षा की


रायगढ़, 3 दिसम्बर 2025/sns/- स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जिले को ओडीएफ प्लस बनाने के लिए आज कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिला पंचायत रायगढ़ के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे ने स्वच्छता संबंधी योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण की प्रगति, जियो-टैगिंग, डीबीटी भुगतान, हमारा शौचालय-हमारा भविष्य अभियान में नामांकन, सामुदायिक शौचालयों के अधूरे कार्य, ओडीएफ प्लस गतिविधियों, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, शुल्क वसूली, प्लास्टिक व ठोस कचरा प्रबंधन, एफएसटीपी एवं पीडब्ल्यूएमयू संयंत्रों की कार्यशीलता सहित प्रमुख बिंदुओं पर समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ श्री पठारे ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने मैदानी अमले को नियमित मॉनिटरिंग और फोटो अपलोडिंग एवं गूगल शीट और पोर्टल पर समय पर रिपोर्ट अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कार्यों में जनभागीदारी को बढ़ाना, निगरानी तंत्र को मजबूत करना तथा नवीन पहलें अपनाना आवश्यक है, ताकि जिला ओडीएफ प्लस की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सके। स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में अतिरिक्त सीईओ श्री महेश पटेल, एपीओ जिला पंचायत श्री बीरेंद्र सिंह रॉय, जिला सलाहकार अर्जुन मेहर, हीरा सिंह गोंड, विकासखंड समन्वयक, एसबीएम टीम, ब्लॉक स्वच्छता अधिकारी तथा स्वच्छता अभियान से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *