छत्तीसगढ़

जिले में धान खरीदी अभियान जोरो पर, किसानों में खुशी की लहर

मोहला, 02 दिसंबर 2025/sns/- जिले में धान खरीदी उत्सव को लेकर किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी महाभियान के तहत शासन द्वारा इस वर्ष समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी का प्रावधान किया गया है, जिससे किसानों में खुशी का वातावरण है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन में सभी धान खरीदी केंद्रों पर सुचारू संचालन हेतु व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं। केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाइस, श्रमिकों की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। धान की गुणवत्ता जांचने के लिए आद्रता मापक यंत्र का उपयोग किया जा रहा है।
जिले के कुल 27 धान खरीदी केंद्रों पर खरीदी दर, नियमों एवं केंद्रवार जानकारी के फ्लेक्स लगाए गए हैं। कलेक्टर ने सभी केंद्रों की सतत निगरानी रखने तथा कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध धान खरीदी पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। किसानों को सुविधा देने के लिए धान बिक्री हेतु टोकन तुंहर हाथ मोबाइल एप के माध्यम से ही टोकन जारी किए जा रहे हैं। इस व्यवस्था से किसानों का समय बच रहा है और उन्हें खरीदी केंद्रों में अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ रही है। उल्लेखनीय है कि अब तक जिले के 43,520 पंजीकृत किसानों से कुल 1,55,275 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *