छत्तीसगढ़

धमतरी में अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 68 क्विंटल धान जब्त कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

धमतरी, 02 दिसंबर 2025/sns/- धमतरी जिले में अवैध धान परिवहन पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। को ग्राम खपरी-जोरातराई से छाती की ओर ले जाये जा रहे लगभग 168 कट्टा (68.20 क्विंटल) धान कोचिया धनेश्वर सिंह पिता रामचंद सिंह, निवासी सेमरा (सि.), सिलौटी द्वारा किसानों से अवैध रूप से खरीदा गया पाया गया। धान से भरे ट्रैक्टर को मौके पर रोककर जांच की गई, जिसमें कोचिये द्वारा किसी भी प्रकार का अनुमति पत्र अथवा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत मंडी शुल्क एवं वैधता की जांच के लिए वाहन तथा धान को मंडी नियमों के तहत जब्त किया गया। ट्रैक्टर क्रमांक CG07 X 4029 को भखारा थाना परिसर लाया गया। प्रारंभ में कोचिया द्वारा वाहन को थाना भखारा की अभिरक्षा में रखने की बात कही गई, परंतु बाद में उन्होंने इसे मंडी परिसर कुरूद में रखने का अनुरोध किया।
मौके पर उपस्थित पंचों के समक्ष विधिवत पंचनामा तैयार किया गया, जिसे सभी के समक्ष पढ़कर सुनाया गया।
इस संबंध में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी बनाने के लिए अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, राजस्व एवं पुलिस दलों को सतत पेट्रोलिंग करने और संदिग्ध वाहनों की जांच अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि वे अपना धान केवल अधिकृत समितियों को ही बेचें और किसी भी अवैध खरीद- फरोख्त की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *