छत्तीसगढ़

जिला प्रशासन की त्वरित जांच कार्रवाई फोर्टिफाइड राइस की पुष्टि प्लास्टिक चावल संबंधी रिपोर्ट गलत साबित


कोरबा, 28 नवंबर 2025/sns/-मीडिया संस्थानों द्वारा वाहन क्रमांक सीजी 12 बीएच 9569 के दुर्घटनाग्रस्त होने पर उसमें लदे 70 बोरी चावल को प्लास्टिक चावल बताकर समाचार प्रसारित किया गया था। इस सूचना पर प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की और विस्तृत जांच कराई। दुर्घटना के बाद संबंधित वाहन को थाना बांगो लाया गया, जहां क्वालिटी इंस्पेक्टर द्वारा चावल की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। जांच में यह पाया गया कि वाहन में कुल 70 बोरी, प्रत्येक 40 किलोग्राम के अनुसार लगभग 30 क्विंटल चावल लदा था। दुर्घटनाग्रस्त वाहन बोलेरो पिक-अप ( सीजी 12 बीएच 9569 ) है, जो कंचन मीरी राइस मिल रतनपुर से चिरमिरी की ओर जा रहा था। वाहन में मौजूद टैक्स इनवॉइस की जांच करने पर यह भी पुष्टि हुई कि चावल पी.आर. फूड्स, कटघोरा से विधिवत रूप से भेजा गया था और सभी दस्तावेज सही पाए गए।
गुणवत्ता परीक्षण में चावल सामान्य फोर्टिफाइड राइस पाया गया तथा जांच के दौरान कहीं भी प्लास्टिक चावल या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि का प्रमाण नहीं मिला। परिवहन प्रक्रिया भी संपूर्ण रूप से वैध पाई गई। जांच में यह स्पष्ट रूप से प्रमाणित हुआ कि वाहन में लदा चावल पूरी तरह मानक एवं सुरक्षित फोर्टिफाइड चावल है। “प्लास्टिक चावल” बताए जाने संबंधी समाचार भ्रामक, असत्य एवं आधारहीन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *