छत्तीसगढ़

गहन पुनरीक्षण अभियान 69 प्रतिशत से अधिक हुआ डिजिटाइजेशन कलेक्टर ने शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन करने वाले बीएलओ को किया सम्मानित

मुंगेली, 25 नवंबर 2025/sns/- निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से क्रियान्वित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र की बुनियाद को और मजबूत करना तथा मतदाता सूची का शुद्धिकरण कर सूची को अद्यतन करना है, ताकि निर्वाचक नामावली में किसी योग्य व्यक्ति का नाम न छूटे तथा किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम न जुडे़। आयोग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले के सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अभियान के तहत जिले में 69 प्रतिशत से अधिक डिजिटाइजेशन पूर्ण हो चुका है।
कलेक्टर ने गणना प्रपत्रों के गणना प्रपत्रों के शतप्रतिशत डिजिटाइजेशन कर कार्य करने पर 04 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र खपरी की बीएलओ श्रीमति ओंकारेश्वरी जोशी जांगड़े, लोरमी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र भारतपुर की बीएलओ श्रीमती सुनीता राजपूत, ग्राम लछनपुर की बीएलओ श्रीमती निर्मला कुर्रे और कुधुरताल की बीएलओ श्रीमती सरिता भास्कर को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में जिस स्तर की सावधानी, जिम्मेदारी और समर्पण की आवश्यकता होती है, उसे अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ पूर्ण की गई है, जो प्रशंसनीय और उल्लेखनीय है। साथ ही घर-घर जाकर गणना पत्रक का वितरण किया, नागरिकों को आवश्यक जानकारी दी तथा जिन मतदाताओं ने ऑफलाइन या ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किए, उनकी सभी प्रविष्टियों को समयबद्ध रूप से बीएलओ एप में दर्ज किया। कलेक्टर ने उत्कृष्ट कार्य के लिए बीएलओ को बधाई एवं शुभकामनाएं दी और अन्य बीएलओ को भी इसी तरह कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *