सुकमा, 25 नवंबर 2025/sns/- जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) का वितरण तथा जानकारी संकलन कर रहे हैं।
नियद के ग्रामीणों में उत्साह
नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत चिन्हांकित 159 गांवों में एसआईआर प्रक्रिया तेजी से जारी है। कोंटा विकासखंड के दूरस्थ अंदरूनी क्षेत्र जगरगुंडा, उरसांगल, करमापाल, गच्चनपल्ली, बंडा, ढोंढरा, गगनपल्ली, किस्टाराम, मराईगुड़ा, चिंतलनार में बीएलओ डोर टू डोर सर्वे कर मतदाता पुनरीक्षण का कार्य कर रहे हैं। लोगों को जागरूक कर उनका एसआईआर फॉर्म जमा कर रहे हैं।
ऑफलाइन सुविधा
जिले के सभी मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा दिए गए गणना प्रपत्र में अपनी जानकारी भरकर ऑफलाइन माध्यम से जमा कर सकते हैं। गणना प्रपत्र भरने में आ रही दिक्कतों के लिए बीएलओ द्वारा आवश्यक सहायता एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कलेक्टर की अपील
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री देवेश कुमार ध्रुव ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य सत्यापित करें, यदि त्रुटि हो तो सुधार हेतु फॉर्म 8 भरें। मतदाता सूची का अद्यतन होना आगामी निर्वाचन की पारदर्शिता और सुगमता को सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।



