जगदलपुर, 24 नवम्बर 2025/sns/- शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जगदलपुर में आज जिला मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के तहत एक अत्यंत महत्वपूर्ण जीवन कौशल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें तनाव प्रबंधन के आवश्यक कौशल सिखाना था। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में महारानी जिला अस्पताल जगदलपुर के मनोरोग विशेषज्ञ श्री रूपेश मसीह एवं उनकी टीम उपस्थित रही। विशेषज्ञ दल ने आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों के लिए विशेष रूप से विभिन्न गतिविधियों और क्रियाकलापों का संचालन किया, जिसके माध्यम से उन्हें तनाव को कम करने के प्रभावी तरीकों, मानसिक रोगों के लिए परामर्श, निदान एवं उपचार के बारे में विस्तृत और उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम संस्था के प्राचार्य सह संयुक्त संचालक (प्रशिक्षण) के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें प्रेरित किया और वर्तमान सामाजिक चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लोग विभिन्न प्रकार के तनाव से ग्रस्त होकर आत्महत्या, अनिद्रा, निराशा एवं अवसादग्रस्त होने जैसी अप्रिय घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, जिससे बचने के लिए सबसे आवश्यक है कि सकारात्मक विचारधारा को अपनाया जाए और हमेशा सकारात्मक सोच रखी जाए। उनका यह संदेश प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा। इस अवसर पर संस्था के सभी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम बेहद सफल और प्रभावशाली सिद्ध हुआ।


