छत्तीसगढ़

एरंडवाल और बुरुंगपाल ने आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु 2 दिसंबर तक आवेदन आमंत्रित

जगदलपुर, 20 नवंबर 2025/sns/- एकीकृत बाल विकास परियोजना तोकापाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत एरंडवाल और ग्राम पंचायत बुरुंगपाल के कोटेनपारा में आंगनवाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस भर्ती अभियान के तहत स्थानीय ग्राम पंचायतों में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिसके लिए पात्र आवेदिकाओं से आगामी 2 दिसंबर 2025 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।इस चयन प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि आवेदिका को उसी ग्राम का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है, जिस गाँव में आंगनबाड़ी केंद्र स्थित है। इसके प्रमाण के लिए मतदाता सूची में नाम या सरपंच-सचिव अथवा पटवारी द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र मान्य होगा। शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा के मानकों पर गौर करें तो आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए आवेदिका का 8वीं बोर्ड पास होना आवश्यक है। हालांकि, यदि निर्धारित योग्यता वाली उम्मीदवार नहीं मिलती हैं, तो कम योग्यता वाली आवेदिकाओं पर भी विचार करने का प्रावधान रखा गया है। आवेदिका की आयु 18 वर्ष से 44 वर्ष के मध्य होनी चाहिए, जिसमें अनुभवी कार्यकर्ताओं को अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट दी जाएगी।
इस भर्ती प्रक्रिया में अनुसूचित जाति-जनजाति, गरीबी रेखा (सामाजिक आर्थिक जाति जनगणना 2011) सूची में शामिल परिवार, विधवा, परित्यक्ता या तलाकशुदा महिलाओं को चयन में अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। साथ ही, जिन सहायिकाओं के पास कार्य करने का पुराना अनुभव है, उन्हें भी इस चयन में वरीयता मिलेगी। इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन सभी आवश्यक दस्तावेजों जैसे अंकसूची, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और अनुभव प्रमाण पत्र की स्वप्रमाणित छायाप्रति के साथ प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन पत्र सीधे परियोजना कार्यालय में या पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं। आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना, कार्यालयीन समय में अपना आवेदन जमा कर पावती अवश्य प्राप्त कर लेवें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *