छत्तीसगढ़

पूवर्ती में सुविधा शिविर के दौरान हितग्राही को मिला रहा तत्काल लाभ

सुकमा, 19 नवंबर 2025/sns/- जिले के दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्र पूवर्ती में आयोजित विशेष सुविधा शिविर के दौरान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को त्वरित रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में शिविर में पहुँची ग्राम की हितग्राही श्रीमती बोडके शम्मी को महतारी वंदन योजना की स्वीकृत राशि बैंक कोरेस्पोंडेंट के माध्यम से स्थल पर ही प्रदाय की गई। इसी क्रम में ग्रामीणजनों और छात्रों के आधार कार्ड बनाएं जा रहे है।
शिविर में मौजूद बैंक कोरेस्पोंडेंट द्वारा तत्काल सत्यापन कर राशि सीधे हितग्राही को प्रदाय की गई, जिससे उन्हें किसी प्रकार की बैंक शाखा जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। दूरस्थ वनांचल में रहने वाली महिला हितग्राही के लिए यह सुविधा बेहद राहतकारी सिद्ध हों रही है।
एसडीएम कोंटा श्री सुभाष शुक्ला ने बताया कि पूवर्ती जैसे अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में शिविर आयोजित करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुँचे तथा ग्रामीणों को दस्तावेजीकरण, बैंकिंग सेवाएँ, स्वास्थ्य, पोषण, पेंशन एवं अन्य योजनाओं से जुड़ी सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।
सुविधा शिविर में महतारी वंदन योजना के साथ-साथ आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड सुधार, आधार प्रमाणीकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, किसान सम्मान निधि, श्रमिक पंजीयन सहित विभिन्न सेवाओं का भी लाभ ग्रामीणों को दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने हितग्राहियों से संवाद करते हुए उन्हें योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *