सुकमा, 19 नवंबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में किशोरी बालिकाओं के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण के लिए मंगलवार को “मायद नुनी“ (हमारी बेटियां) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पहल बालिकाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
व्यापक विषयों पर केंद्रित कार्यक्रम
जिला महिला एवं बाल विकास विभाग सह शिक्षार्थ की टीम द्वारा पोटाकेबिन मुरतोंडा में आयोजित इस कार्यक्रम में किशोरी बालिकाओं को महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया गया। शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, स्व सुरक्षा एवं गुड टच-बैड टच की समझ विकसित करना, मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन की सही जानकारी, साइबर सुरक्षा के साथ डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी, बालिकाओं के कानूनी अधिकार, निर्णय क्षमता का विकास करना।
विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन
संरक्षण अधिकारी सुश्री मनीषा शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग सह तरंगिनी शिक्षार्थ ने बालिकाओं को विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें जीवन कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक प्रयास
यह कार्यक्रम न केवल बालिकाओं को जागरूक बनाने का माध्यम है, बल्कि उन्हें समाज में सम्मान के साथ जीने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश भी देता है। “मायद नुनी“ कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन बालिका सशक्तिकरण को नई दिशा प्रदान कर रहा है। यह पहल बालिकाओं के समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है।

