बीजापुर, 19 नवंबर 2025/sns/ – अयोध्या धाम स्थित रामलला विराजमान के दर्शन हेतु बीजापुर जिले से 28 हितग्राहियों का श्रद्धालु दल आज पारंपरिक उत्साह और धार्मिक भावनाओं के साथ रवाना किया गया। जिले से चयनित इन श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण और भावनात्मक रही, क्योंकि कई लोग पहली बार अयोध्या धाम पहुँचकर रामलला के दर्शन करने जा रहे हैं।
श्रद्धालु दल 19 नवंबर को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आवास, परिवहन एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ जिला प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई हैं। अयोध्या धाम में दर्शन-पूजन के पश्चात दल 24 नवंबर को बीजापुर वापस लौटेगा।
रवाना होने से पूर्व जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को औपचारिक रूप से विदाई दी गई। डिप्टी कलेक्टर श्री दिलीप उइके ने सभी हितग्राहियों को शुभ यात्रा की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह यात्रा श्रद्धालुओं के जीवन में आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी। उन्होंने यात्रा को सुरक्षित और आनंददायक बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से सतत सहयोग का आश्वासन भी दिया।
श्रद्धालुओं ने यात्रा को लेकर उत्साह प्रकट करते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा दी गई सुविधा और सहयोग से उनकी यह धार्मिक यात्रा और भी सुखद हो गई है। कई श्रद्धालुओं ने कहा कि रामलला के दर्शन की यह अनमोल अवसर उन्हें जीवनभर याद रहेगा।
समग्र रूप से रामलला दर्शन के लिए रवाना हुआ यह दल जिले में धार्मिक आस्था, सद्भाव और उत्साह का प्रतीक बनते हुए आगे बढ़ाए जहाँ सभी श्रद्धालु अयोध्या धाम में आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करने के लिए उत्सुक दिखाई दिए।


