छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत बच्चों को कराया कानन पेंडारी का शैक्षणिक भ्रमण

कवर्धा, 17 नवंबर 2025/sns/-कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अजय कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिला समग्र शिक्षा कार्यालय द्वारा राष्ट्रीय आविष्कार अभियान 2025 के तहत चारों विकासखंड के बच्चों को कानन पेंडारी, बिलासपुर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, पर्यावरण संरक्षण की समझ तथा प्रत्यक्ष अवलोकन के माध्यम से ज्ञानवर्धन को बढ़ावा देना था। भ्रमण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी एवं जिला मिशन समन्वयक श्री विनोद श्रीवास्तव के द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। विशेष बसों के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित तरीके से भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
शैक्षणिक भ्रमण में जिले के चारों विकासखंडों से 200 छात्र-छात्राओं तथा उनके साथ आए शिक्षकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में शामिल बच्चों ने वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, प्राकृतिक संसाधनों के महत्व तथा जैव विविधता से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। प्रत्यक्ष अवलोकन से बच्चों में जिज्ञासा, सीखने की क्षमता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहन मिला। भ्रमण कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक परियोजना समन्वयक श्री राजू चंद्रवंशी, कार्यक्रम समन्वयक श्री राकेश चंद्रवंशी, एपीसी श्री राजेश कौशिक, कवर्धा बीआरसी श्री केशलाल साहू तथा चारों विकासखंडों के बीआरपी श्री विनोद पुरी गोस्वामी, श्री नरेश कुमार सोनी, श्री गायत्री प्रसाद साहू, श्री होमबाई साहू एवं श्रीमती रेशमा मेश्राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समग्र शिक्षा के अंतर्गत इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास, वैज्ञानिक चिंतन एवं पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *