छत्तीसगढ़

बाल दिवस-बाल सुरक्षा सप्ताह हर बालिका-राष्ट्र की पूंजी थीम पर जिले में व्यापक जागरूकता अभियान


बीजापुर, 14 नवंबर 2025/sns/ – कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल दिवस बाल सुरक्षा सप्ताह के तहत बाल दिवस पखवाड़ा का आयोजन पूरे जिले में सक्रिय रूप से किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य थीम हर बालिका-राष्ट्र की पूंजी रखा गया है, जिसके अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।
जिले के विभिन्न परियोजनाओं में स्कूल, कॉलेज, पोटाकेबिन, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बालिकाओं के आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ाने के उद्देश्य से गतिविधियाँ कराई जा रही हैं।
स्कूलों में मेरे सपनों का भविष्य विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें बालिकाएँ भविष्य में क्या बनना चाहती हूँ, विषय पर अपने विचार प्रकट कर रही हैं। कविताएं, निबंध और लघु भाषण के माध्यम से बेटियाँ अपने सपनों और अधिकारों को अभिव्यक्त कर रही हैं।
कार्यक्रम के तहत विशेषज्ञों एवं मनोवैज्ञानिकों द्वारा संवाद सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओंए नीतियों और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, साथ ही उन्हें कौशल एवं क्षमता वृद्धि के लिए प्रेरित करना है।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, किशोरी बालिकाएँ, गर्भवती महिलाएँ, शिशुवती माताएँ एवं स्थानीय नागरिक सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है जैसे- बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़, नोनी सुरक्षा, सखी वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महतारी वंदन योजना, सक्षम महिला कोष के अंतर्गत ऋण, दहेज प्रतिषेध एवं टोनही प्रताड़ना अधिनियम, गुड टच-बैड टच जागरूकता, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181, महिलाओं और बालिकाओं को बताया जा रहा है कि वे इन योजनाओं का लाभ लेकर किस प्रकार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकती हैं तथा समाज में जागरूकता फैला सकती हैं।
इस दौरान जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार का कार्य सेक्टर पर्यवेक्षिकाओं एवं विभागीय टीम श्रीमती शीला भारद्वाज, श्रीमती सुनीता तामड़ी, सुश्री आनंदमई मलिक, श्री नवीन मिश्रा, सुश्री नगीना लेखम, श्री संदीप चिड़ेम, श्री राजकुमार निषाद, श्री अविनाश नायक, श्री राजेश मंडे, श्री महेंद्र कश्यप, श्री महेंद्र यादव, सुश्री कुसुमलता, सुश्री रंजिता कश्यप, सुश्री पुष्पा कोरम और श्री सतीष कुरसम द्वारा निरंतर किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *