छत्तीसगढ़

बच्चों को कुपोषण मुक्त बनाने उचित संवर्धन और पोषण सामग्री कराए उपलब्ध–कलेक्टर श्रीमती प्रजापति

मोहला, 13 नवंबर 2025/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने गतदिवस कलेक्टोरेट सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले के विकासखंडवार गंभीर कुपोषित एवं माध्यम कुपोषित बच्चों की समीक्षा करते हुए बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को कुपोषण मुक्त करने के लिए उचित संवर्धन टीएचआर उपलब्ध कराने एवं पालकों को पोषण कैलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग को दिए। उन्होंने जिले के आंगनबाड़ियों को प्रतिदिन निर्धारित समय में खोलने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी में अनियमितता पाए जाने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में चिरायु योजना अंतर्गत बच्चों के स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश भी दिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिहान समूह की महिलाओं को राशन दुकान उपलब्ध करा आदिवासी ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों की समीक्षा करते हुए खरीदी प्रक्रिया के संबंध में सभी कार्य अतिशीघ्र पूर्ण करवाने हेतु राजस्व विभाग को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने एग्रीस्टैक ऑनलाइन कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने पटवारियों के माध्यम से छूटे किसानों के पोर्टल में पंजीकृत कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जिले में हुए फसल क्षति की मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान किया जा सके।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए अपार आईडी के कार्यों की जानकारी ली।इसके साथ ही उन्होंने जिले के स्कूलो में बेहतर परिणाम हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पढ़ाई में कमजोर बच्चों का चिन्हांकन कर उन पर विशेष ध्यान देने एवं साप्ताहिक टेस्ट लेने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *